रायबरेली। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान घुरवारा में पिंक रोजगार मेला आयोजित हुआ, जिसमें 116 अभ्यर्थियों को प्राथमिक रूप से चयनित किया गया। मेले का शुभारंभ करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी विजय बहादुर सिंह सेंगर ने अभ्यर्थियों को रोजगार मेले के उद्देश्यों एवं प्रासंगिकता के बारे में बताया।
मेले में एसपीएनएन बिजनेस सर्विसेज, उमोजा मार्केटप्लेस टेक्नोलॉजी, महादेव हनुमंत विजय प्लेसमेंट सर्विसेज, भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन, एसवाईआरएमए एसजीएस टेक्नोलॉजी, हैनन क्लाइमेट सिस्टम्स, पेरेग्रीन गार्डिंग, टाटा मोटर्स, हैवेल्स इंडिया, याजाकी इंडिया, शिवशक्ति बायो टेक्नॉलाजी जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। सहायक सेवायोजन अधिकारी एवं मेला प्रभारी तनुजा यादव ने सभी कंपनियों के पदों के बारे में जानकारी दी। दल बहादुर सिंह, शुभम शुक्ला, भीम सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर अवनीश कुमार, अभिनव तिवारी, काजल सिंह, कंचन शर्मा, रामेंद्र कुमार पांडेय, विजय कुमार, मो. जमीर आदि उपस्थित रहे।
कैंप में 15 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण
रायबरेली। पीएमश्री के रूप में चयनित विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप बृहस्पतिवार को ब्लाक संसाधन केंद्र अमावां में आयोजित हुआ। इसमें स्वास्थ्य विभाग से आई टीम ने 15 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण किया। इसमें छह बच्चे अस्थि दिव्यांग, तीन बच्चे दृष्टि दिव्यांग और छह बच्चे मानसिक दिव्यांग से संबंधित रहे। बेसिक शिक्षा विभाग की समेकित शिक्षा इकाई की ओर से यह कैंप लगाया। खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह की देखरेख में लगे कैंप में विशेषज्ञ के रूप में डॉ. एमपी सिंह, डॉ. सुप्रभा, अभय श्रीवास्तव, मीना वर्मा एवं आरती यादव ने दिव्यांग बच्चों का परीक्षण किया। इस मौके पर अजय कुमार, जितेंद्र कुमार, शैलेश मौर्य, मनीष कुमार, सुरेश, आशीष, सौरभ, मनोज आदि मौजूद रहे। (संवाद)