कूडे़ से बिजली बनाने के प्लांट का सीएम करेंगे उद्घाटन
बाराबंकी। कूडे़ से बिजली बनाने वाला प्रदेश का पहला प्लांट बनकर तैयार हो गया है। 21 अक्टूबर को मुुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्लांट के उद्घाटन की तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी आज प्लांट का निरीक्षण किया। हैलीपेड बनाने का कार्य शुरू हो गया है। हालांकि प्रशासन अभी सीएम के आने की अधिकृत पुष्टि नहीं कर रहा है। पर सरकारी विभागों में मुख्यमंत्री के आने की धमक दिखने लगी है। जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की बुकलेट तैयार की जा रही है। बाराबंकी शहर में एकार्ड हाइड्रोएयर नामक कंपनी द्वारा नई तकनीक पर आधारित कूडे़ से बिजली बनाने वाला एक सॉलिड बेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। कुछ दिन पूर्व प्लांट का निरीक्षण करने आए नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने ऐसे प्लांट अन्य जिलों में लगाने की बात कही थी। प्लांट के मालिक बीएन तिवारी बताते हैं कि 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस प्लांट में ढाई सौ से तीन सौ टन कूडे़ का निस्तारण प्रतिदिन किया जाएगा। इसमें प्रतिदिन ढाई मेगावाट बिजली, 70 से 80 टन खाद और 38 क्यूबिक मीटर गैस का उत्पादन होगा। बताते हैं कि सड़ने वाले कूडे़ से खाद, जलने वाले से बिजली पैदा की जाएगी। बस्ती के बीच स्थापित इस प्लांट को लेकर कुछ निवासी इसका विरोध भी कर रहे हैं। मशीनों की तेज आवाज और प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोग फैक्ट्री स्थानांतरित करने के लिए विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर माथापच्ची करने में जुटा है।