अगवा कर किशोरी से गैंगरेप
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने तीन लोगों पर अपहरण करने के बाद गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि तीन दिन पूर्व जब वह रात में शौच के लिए गांव के बाहर जा रही थी तो उसे अगवा कर लिया गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की लेकिन कार्रवाई न होने पर बुधवार को एएसपी के सामने पेश होकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग किया है। एएसपी ने मामले में जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
थाना रामनगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय एक किशोरी ने बुधवार को एएसपी दक्षिणी शशीकांत तिवारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 2 जुलाई की रात वह शौच के लिए गांव के बाहर जा रही थी, तभी तीन युवक उसे अगवाकर ले गए। पीड़िता का आरोप है कि इनमें एक युवक को वह पहचानती है। आरोप है कि उसे अगवा कर करने के बाद एक कार से लेकर आरोपी किसी अज्ञात जगह पहुंचे और वहां उसकी कनपटी पर चाकू लगाकर डराने, धमकाने के बाद गैंगरेप किया। अगले दिन तीन जुलाई को आरोपी किशोरी को पड़ोस के एक गांव में छोड़कर भाग निकले। इस बीच मामले की जानकारी पर पीड़िता के परिवारीजन उसे लेकर थाने लेकर गए लेकिन वहां पुलिस ने सुनवाई नहीं की। जिसके बाद उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई है। एएसपी ने बताया कि इस मामले में रामनगर पुलिस को निर्देश देते हुए कहा गया है कि जांच कर जो भी दोषी हो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।