गन्ने के खेत में पाती जलाने से लगी आग से करीब बीस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। सूचना पर पहुंची राजस्व टीम ने आंकलन कर रिपोर्ट तहसील भेजने के साथ पीड़ितों को आर्थिक मुआवजा दिलाने की बात कही है।
तहसील रामनगर क्षेत्र के कड़ाकापुर (बनर्की) के पास बुधवार अपराह्न करीब दो बजे बंजरिया गांव का एक व्यक्ति अपने खेत में गन्ने की पाती जला रहा था। आग ने पड़ोस के खेतों में लगी गेहूं की फसल को भी चपेट में ले लिया। इसमें मधवाजलालपुर निवासी प्रकाश मौर्या की 10 बीघा, शीतला प्रसाद मौर्या की तीन बीघा व बनर्की निवासी शमशेर और अवधेश रावत सहित कई किसानों की फसल जलकर राख हो गई।
सूचना के बावजूद दमकल की टीम एक घंटे देरी से पहुंची। इससे ग्रामीण नाराज दिखे। नरेंद्र मौर्या के मुताबिक, ग्रामीण आग न बुझाते तो और नुकसान हो सकता था। एसडीएम चंद्र प्रकाश पाठक ने बताया कि मौके पर कानूनगो व हल्का लेखपाल को आकलन के लिए भेजा गया है। जांच करवाकर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलवाया जाएगा।