बाजारों में छाया सन्नाटा, परेशान रहे यात्री
- वाहनों के लिए भटकते रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। नगर अध्यक्ष व सभासदों को चुनने के लिए शहरवासियों में जोश इस कदर दिखा की बुधवार को शहर की दुकानें व सभी प्रतिष्ठान बंद रहे। इसके चलते शहर के सभी प्रमुख बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। कई जगहों पर तो मुख्य मार्गो पर बच्चे क्रिकेट खेलते देखे गए। एक तरफ जहां लोगों ने वोट देने काम किया वहीं छुट्टी के दिन परिवार के साथ भी समय बिताया। इस दौरान वाहन न चलने से यात्री भी परेशान रहे।
पोलिंग बूथों पर सुबह से जुटी भीड़ शाम तक बनी रही। पूरे दिन बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। यही हाल सभी 12 नगर पंचायतों में भी देखने को मिला। लोग घर से सिर्फ वोट डालने के लिए निकले और वापस घर आकर प्रत्याशियों की जीत हार का गणित लगाते रहे। शहरी सरकार चुनने में लोगों का यह जज्बा वोटिंग के प्रतिशत का ग्राफ बढ़ा दिया। वहीं चौराहों पर रोजाना की तरह चलने वाले वाहन भी दिखाई नहीं दे रहे थे। जिससे यात्रियों को वाहन के लिए भटकना पड़ा। देवा तिराहा, नाका सतरिख, रामनगर तिराहा, पल्हरी चौराहा पर यात्री वाहनों का इंतजार करते रहे।