दो हजार किसानों को मिला ऋणमाफी प्रमाणपत्र
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रामसनेहीघाट तहसील में सोमवार को आयोजित समारोह में दो हजार किसानों को ऋणमाफी प्रमाणपत्र सांसद व विधायक ने बांटे। जनप्रतिनिधियों ने किसानों को सरकार की उपलब्धियां भी बताईं।
पटेल पंचायती इंटर कॉलेज के बगल में स्थित पायका मैदान में ऋणमाफी प्रमाणपत्र लेने के लिए सोमवार को सुबह से ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। इस तहसील के 30 हजार किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। इनमें से पहले चरण में दो हजार किसानों को सोमवार को कर्जमाफी प्रमाणपत्र बांटे गए। इसमें दस हजार से लेकर एक लाख रुपये तक के कृषि ऋण को माफ किया गया। ऋण माफी प्रमाणपत्र वितरण समारोह में सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि, केंद्र व प्रदेश की सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार अपने संकल्प पत्र के आधार पर कार्य करके भ्रष्टाचार के समूल खात्मे का प्रयास कर रही है। दरियाबाद विधायक सतीश शर्मा व रुदौली विधायक रामचंदर यादव ने भी समारोह को संबोधित किया। अतिथियों का स्वागत एसडीएम राहुल यादव व तहसीलदार पंकज दीक्षित ने किया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि परमेंद्र विक्रम सिंह, हरिश्चंद्र रावत, जगदीश प्रसाद, रघुनंदन मिश्र, अखिलेश सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, कमलेश शुक्ल आदि मौजूद रहे।