पति की पिटाई से गर्भवती की मौत, दहेज हत्या का मुकदमा
- पिता की तहरीर पर पिता व ससुर समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
- पोस्टमार्टम को भेजा गया महिला का शव
सतरिख (बाराबंकी)। पति-पत्नी के बीच इलाज को लेकर हुई कहासुनी के बाद पति की पिटाई से बिगड़ी गर्भवती पत्नी की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे मृतक के पिता ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
मामला सतरिख थाना क्षेत्र के बरकत नगर गांव का है। यहां के निवासी राजेश वर्मा के पुत्र नागेंद्र वर्मा का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मौलाबाद निवासी अमर सिंह की पुत्री सोनी सिंह के साथ हुआ था। वर्तमान में सोनी सात माह की गर्भवती थी। ग्रामीणों की माने तो इलाज को लेकर बुधवार की सुबह पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। उसके बाद मारपीट हो गई। जिसके बाद बिगडी हालत के चलते ससुराली उसे लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख क्वीन मेरी लखनऊ रेफर कर दिया। जिसको लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। शव लेकर घर पहुंचे ससुरालियों ने महिला के शव का आनन फानन में अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। इसी दौरान पहुंचे मृतक के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सतरिख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सतरिख पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद मृतका के पिता अमर सिंह की तहरीर पर पति नागेंद्र व ससुर राजेश समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। मृतक महिला सात माह की गर्भवती थी।