पेड़ से टकराई यात्रियों से भरी बेकाबू बस, तीन गंभीर
- बड्डूपुर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बड्डूपुर (बाराबंकी)। यात्रियों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। जिसमें सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। बस पर सवार बाकी यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
सोमवार की रात करीब दस बजे इस्तिमा के लिए यात्रियों से भरी बस कुर्सी से महमूदाबाद जा रही थी। तभी बड्डूपुर थाना क्षेत्र के बाबू हरनाथ सिंह सिसोदिया स्कूल के सामने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। बस में सवार इब्राहिम निवासी ग्राम शमशाबाद, रईस निवासी ग्राम दहलामऊ, उमर निवासी ग्राम पैगंबरपुर, परवेज निवासी मोहल्ला संगत किला महमूदाबाद जनपद सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि बस में सवार तीन लोगों को गंभीर चोटें आई थी जिन्हे उपचार के लिए भेज दिया गया था। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं जिन्हें दूसरी बस से रवाना कर दिया गया है।