तीरंदाजी प्रतियोगिता में सीतापुर का दबदबा
बाराबंकी। दसवीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में पांचवीं अंतर वाहिनी पीएसी मध्य जोन आर्चरी प्रतियोगिता में दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सीतापुर की टीम का दबदबा रहा।
तीन दिवसीय पंचम अंतर वाहिनी पीएसी मध्य जोन प्रतियोगिता में गुरुवार को 30 मीटर स्पर्धा हुई। इसमें द्वितीय बटालियन सीतापुर के राहुल मणि 157 अंकों के साथ प्रथम तो 27वीं बटालियन सीतापुर के ही रवींद्र पाल 148 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। 142 अंकों के साथ 35वीं बटालियन लखनऊ के पंकज सिंह चौहान तृतीय स्थान पर रहे। शूटिंग डायरेक्टर आनंद वर्मा ने बताया कि, आर्चरी प्रतियोगिता में नौ टीमें भाग ले रही हैं। इनमें द्वितीय बटालियन सीतापुर, 10वीं बटालियन बाराबंकी, 11वीं बटालियन सीतापुर, 25वीं बटालियन रायबरेली, 26वीं बटालियन गोरखपुर, 27वीं बटालियन सीतापुर, 30वीं बटालियन गोंडा, 32वीं व 35वीं बटालियन लखनऊ की टीमों के 36 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मुख्य निर्णायक एनआईएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि, 30 मीटर स्पर्धा के बाद 50 मीटर स्पर्धा कराई जाएगी। इस दौरान आयोजक/प्रभारी सेनानायक एनपी सिंह, सहायक सेनानायक नरेंद्र कुमार मिश्र, शिविर पाल चंद्रप्रकाश मिश्र, कंपनी कमांडर पंचम लाल यादव आदि मौजूद रहे।