गिरफ्तार किया गया एलयूसीसी कंपनी का हेड व एजेंट। संवाद
बाराबंकी। निवेशकों का करोड़ों रुपये लेकर फरार हुई कंपनी एलयूसीसी के 56 ब्रांचों के कथित हेड, तीन मैनेजर व एक एजेंट समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 33 पासबुक, पांच बांड, दो लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं। पूछताछ में बाराबंकी में भी हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी उजागर हुई है। पुलिस ने अब तक चार थानों में कंपनी व उसके संचालकों के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज किए हैं।
एएसपी उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा व सीओ सिटी सुमित कुमार त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में इसका खुलासा किया। बताया कि पुलिस ने कंपनी के उप जिला प्रभारी व करीब 56 ब्रांचों के हेड फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव निवासी संजीव कुमार वर्मा, मैनेजर सफदरगंज के भवानीपुर मजरे केवलापुर गांव के स्वामीदयाल मिश्रा, जैदपुर के घिसियावनपुरवा मजरे मुरलीगंज निवासी रामशरण वर्मा, जैदपुर के ही अहमदपुर निवासी मनोज कुमार के साथ एजेंट बदोसराय थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव निवासी रामनरेश को गिरफ्तार किया है।
संजीव बाराबंकी का उप प्रभारी होने के साथ आसपास की करीब 56 ब्रांचों का हेड भी है। एएसपी ने बताया कि अब तक बदोसराय थाने में पांच, देवा में तीन, रामनगर व मोहम्मदपुर खाला थाने में एक-एक समेत कुल 10 केस दर्ज किए गए हैं।
बाराबंकी हाॅस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर के संचालक उत्तम सिंह राजपूत की कंपनी में हिस्सेदारी है। उसकी पत्नी माया सिंह कोषाध्यक्ष है। इनके अलावा आलापुर के दिनेश कुमार सिंह के पास कंपनी का अहम पद है। सफदरगंज के भवानीपुर निवासी अखिलेश मिश्रा व अहमदपुर के संतोष मिश्रा की भी तलाश चल रही है। मुकदमों में इनका नाम है।