बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जसपुरा थाना क्षेत्र के नारायण गांव निवासी शैलेंद्र (18) पुत्र श्याम सोमवार की देर शाम बाइक से जा रहा था। तभी सामने से आ रहे बाइक सवार से उसकी बाइक भिड़ गई।
इससे शैलेंद्र के अलावा दूसरा बाइक सवार बासुदेव (40) निवासी नारायण घायल हो गए। दोनों काफी देर तक मौके पर ही पड़े रहे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे घरवालों ने दोनों को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान शैलेंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा प्रेमचंद्र ने बताया कि शैलेंद्र झझरी पुरवा स्थित विद्यालय में इंटर में पढ़ता था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था।