बांदा। शराब के नशे में युवक ने केन नदी पुल से छलांग लगा दी। नदी में मौजूद गोताखोर ने उसे पानी से बाहर निकाल लिया। जेल चौकी के सिपाहियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ देर इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया।
मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव निवासी विनोद वर्मा (35) ने गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे केन नदी पुल से छलांग लगा दी। नदी में मौजूद गोताखोर सरवन कुमार ने उसे देख लिया और गोता लगाकर उसे डूबने से बचा लिया। गोताखोर की सूचना पर जेल चौकी में तैनात सिपाही देवेश सिंह चौहान और अनुराग भदौरिया वहां पहुंच गए। दोनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां सरवन ने बताया कि विनोद शराब के नशे में था। उसका चाचा से जमीन को लेकर विवाद चलता है। इसी को लेकर उसने खुदकुशी करने के उद्देश्य से छलांग लगा दी थी। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसकी छुट्टी भी कर दी।