अतर्रा। घर के नजदीक स्थित तालाब में नहाते समय युवक गहरे पानी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। काफी देर तक जब युवक वापस घर नहीं आया तो परिजन मौके पर पहुंचे। तालाब के पानी से उसका शव बाहर निकाला।
बिसंडा कस्बा निवासी कमलेश (26) पुत्र कन्हैया अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के खम्हौरा गांव में पिछले एक महीने से अपनी बहन के घर में रहकर बहनोई मुन्ना के व्यवसाय में हाथ बटाता था। शनिवार दोपहर वह घर के नजदीक पर स्थित तालाब में नहाने के लिए गया। नहाते समय वह गहरे पानी में समा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
काफी देर तक वापस न आने पर बहनोई मुन्ना सहित अन्य परिजन तालाब में देखने के लिए गए तो शव पानी में उतरा रहा था। पानी से शव को बाहर निकालने के बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, वहां पर भी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक कमलेश पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था, उसकी शादी नहीं हुई थी।
पिता कन्हैया की कुछ वर्षों पूर्व मृत्यु हो चुकी है। वह मजदूरी करके अपना भरण पोषण करता था। सीएचसी में मौजूद पड़ोसी दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक व उसका छोटा भाई बउवा अपने बहनोई के गांव खम्हौरा में रहकर मछली पालन और तालाब में सिंघाड़ा की खेती करने के व्यवसाय में हाथ बटाते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।