नरैनी। फुफेरे भाई के तिलक समारोह में अचानक हालत बिगड़ने से युवक की मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
कोतवाली क्षेत्र के पचोखर गांव निवासी रामभद्र उपाध्याय उर्फ भइया (30) पुत्र स्व. उमाशंकर उपाध्याय सोमवार को गिरवां थाना क्षेत्र के चटसरा गांव में अपने फुफेरे भाई सीताराम के तिलक में शामिल होने पत्नी और बच्चों के साथ गए थे। कार्यक्रम के दौरान रात में लगभग साढ़े आठ बजे अचानक उन्होंने सीने में दर्द होने की जानकारी परिजनों को दी। नरैनी कस्बा निवासी रामजी गर्ग अपने निजी वाहन से इलाज के लिए उन्हें अतर्रा ले गए। वहां चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस हादसे से शादी वाले घर में मातम है। उधर, पचोखर गांव में इकलौते बेटे के मौत की सूचना मिलते ही वृद्ध मां और पत्नी दहाड़े मारकर रोने लगी। मृतक अपने पिता की मौत के बाद खेती-किसानी का काम करता था। इसके दो बेटे हैं।