बांदा। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी के इरादे से दो मंजिले पर चढ़े एक युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह जब भवन में लगे एसी और उसके तार को काट रहा था, तभी भवन से सटकर निकली एचटी लाइन की चपेट में वह आ गया।
सीओ सिटी गवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह शहर के कालू कुआं तिंदवारी रोड पर एक निर्माणधीन मकान की छत पर 31 वर्षीय युवक का शव होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी। बाद में उसके एक युवक ने आकर बताया कि वह शव उसके भाई रईस उर्फ राजा पुत्र अब्दुल रहीम उर्फ मुन्ना का है।
वह शहर की कांशीराम हरदौली का निवासी था। कपड़े की फेरी लगाता था। वह शनिवार की रात बिना बताए घर से निकल गया था। सीओ ने बताया कि युवक तार काटने के इरादे से निर्माणाधीन भवन पर चढ़ा था। इसी दौरान वह पास से ही गुजर रही एचटी लाइन की चपेट में आ गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।