बांदा। प्लेटलेट्स कम होने और खून की कमी से युवक की जान चली गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर द्वारा मृत घोषित करने पर परिजन शव घर ले गए। उधर, डेंगू और डिप्थीरिया के लक्षण मिलने पर पांच लोगों केे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि बगैर जांच डॉक्टर फौरीतौर पर वायरल मान रहे हैं।
पीएचसी क्षेत्र जारी गांव निवासी देवराज (38) पुत्र नरेना की रविवार को दोपहर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे सुबह भर्ती कराया था। ट्रामा सेंटर चिकित्साधिकारी द्वारा मृत घोषित कर दिए जाने पर परिजन शव घर ले गए। डॉ. प्रदीप गुप्ता के मुताबिक मृतक में खून की कमी थी। प्लेटलेट्स भी कम थे, लेकिन डेंगू की पुष्टि से इन्कार किया।
उधर, डेंगू के लक्षण लगने पर सिंधौली (तिंदवारी) गांव निवासी शिवम (20) पुत्र देवी प्रसाद को शनिवार की शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निजी पैथालॉजी में प्लेटलेट्स कम होने पर डेंगू बताया गया।
वहीं पल्हरी गांव निवासी अमित की एक वर्षीय पुत्री वैष्णवी, सिंधन कलां गांव निवासी राजू सिंह की पुत्री प्रीति (17), नरैनी निवासी शिवशरण की पुत्री मोहनी (16) और बिलगांव गांव निवासी प्रीतम की पुत्री मालती (14) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन्हें बुखार के साथ गले में भी परेशानी है। डिप्थीरिया के लक्षण प्रतीत हो रहे हैं, लेकिन डॉक्टर इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं, न ही जांच कराई गई।