तिंदवारी। थाना क्षेत्र में एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। वह किराना व्यापारी था। उसकी नवंबर में शादी होने वाली थी। शहनाई से पहले घर में मातम छा गया।
तिंदवारी कस्बे के रामनगर में किराए पर रह रहे चिल्ला थाना के बंबिया गांव निवासी श्यामाचरण गुप्ता उर्फ श्यामू (22) पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता की शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर पीएचसी पहुंचे। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी मौत का कारण जहर बताया गया। श्यामू दो भाइयों में छोटा था। पिता ओमप्रकाश और मां रामा देवी गांव में रहते हैं। श्यामू बड़े भाई राधेश्याम के साथ कस्बे में किराने की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार उसकी 28 नवंबर को पलटा गांव में शादी होनी थी। परिजन आत्महत्या की वजह नहीं बता सके। चिल्ला थाना प्रभारी प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि जहर खाने की कोई वजह पता नहीं चल सकी है।