बांदा। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स से अभद्रता के मामले में शनिवार को अस्पताल की सभी स्टाफ नर्स ने कामकाज ठप कर कार्रवाई की मांग की। आक्रोश बढ़ता देख मौके पर सीएमओ, सीएमएस, सीओ और कोतवाल पहुंचे। उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात देवनगर झील का पुरवा निवासी स्टाफ नर्स प्रियंका दीक्षित ने मुख्यमंत्री व सीएमएस को संबोधित पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि शहर के कटरा मोहल्ला निवासी भाजयुमो का पूर्व जिलाध्यक्ष नशे की हालत में दो साथियों के साथ 28/29 मार्च को इमरजेंसी वार्ड में आया। उसने अभद्रता करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। स्टाफ नर्स ने विरोध कर वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल भी छीन लिया था। इसके विरोध में शनिवार को सुबह कार्रवाई की मांग को लेकर जिला अस्पताल की सभी स्टाफ नर्स ने कामकाज ठप कर नारे लगाए। सीएमएस कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी होने पर सीएमओ डॉ. अनिल श्रीवास्तव, प्रभारी सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता, सीओ गवेंद्र पाल गौतम व कोतवाल अनूप दुबे आदि मौके पर पहुंचे। स्टाफ नर्स को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। स्टाफ नर्स का विरोध सुबह नौ बजे से 11 बजे तक दो घंटे चला। शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। स्टाफ नर्स की ओर से शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।