नरैनी। परिजनों को खाने के नशीला पदार्थ खिलाकर महिला प्रेमी संग चली गई। अपने साथ दो लाख रुपये नगद और जेवर भी ले गई है। ससुर ने बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी बहू ने रात में गांव के दो युवकों के अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बात की। आधी रात के बाद गांव के एक ई रिक्शा में कथित युवकों के साथ बैठकर चली गई। सुबह जब वह सोकर उठे तो देखा कि घर के कई ताले खुले पड़े थे।
युवती की सास को जगाया तो वह बेहोशी की हालत में थी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने गांव के ई रिक्शा चालक से पूरी जानकारी ली। ई रिक्शा चालक ने बताया कि उसने तीनों को अतर्रा रेलवे स्टेशन में उतारा है। वहां से तीनों ट्रेन में बैठकर कहीं चले गए हैं। पीड़ित ने बताया कि बहू ने घर के सभी लोगों को खाने में बेहोशी की दवा खिला दी थी। जिससे घर के सभी सदस्य रात भर बेहोश पड़े रहे। दो लाख रुपये नगद सहित घर में रखा सोने चांदी का जेवर ले जाने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी सुरेश सैनी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।