अस्पताल में भर्ती दीवार से गिरकर घायल हुईं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। बिजली की धमक से घर की कच्ची दीवार धराशायी हो गई। तीन छात्राएं दबकर घायल हो गईं। ग्रामीणों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव के शिवबालक पुरवा में रविवार को दोपहर बारिश के बीच उमाशंकर के मकान में आकाशीय बिजली गिरी। धमाके से मकान की कच्ची दीवार ढह गई। घर में मौजूद उमाशंकर की पुत्री कैलाश देवी (17) व सुरेखा (14) और परिवार की अभिलाषा (17) पुत्री रमेश मलबे में दब गईं। खेत से भाग कर आए परिजनों और पड़ोसियों ने मिलकर आनन-फानन मिट्टी हटाकर तीनों छात्राओं को बाहर निकाला। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कैलाश देवी व अभिलाषा राजा देवी डिग्री कॉलेज, बांदा में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। सुरेखा गांव के स्कूल में 10वीं में पढ़ती है।