अतर्रा। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में अब नि:शुल्क डाटा इंट्री ऑपरेटर का प्रशिक्षण कौशल विकास योजना के तहत दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण लेने वालों को नौकरी भी दिलाई जाएगी। निदेशक ने इसे छात्रों के लिए हितकारी बताया।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में स्किल हब इनीशिएटिव योजना के अंतर्गत निशुल्क अल्पकालिक 450 घंटे का डाटा इंट्री ऑपरेटर का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो जॉब ओरिएंटेड है। इसके पश्चात उन्हें डाटा इंट्री ऑपरेटर के रूप में कहीं पर भी नौकरी मिल सकेगी l
कॉलेज के निदेशक प्रो. एसपी शुक्ला ने बताया कि इस बार चौथी सोपान में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के तकनीकी प्रशिक्षण के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलीटेक्निक संस्थानों को अधिकृत किया गया है। डाटा इंट्री ऑपरेटर के लिए 450 घंटे का प्रशिक्षण देने के लिए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अतर्रा को अनुमति मिली है। इसमें दसवीं पास और अधिकतम योग्यता डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस के इच्छुक छात्र-छात्राएं लिए जाएंगे।
प्रवेश क्षमता 50 के अनुसार पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण की सबसे खास बात यह है कि प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों को रोजगार भी दिलाया जाएगा। कॉलेज के कुलसचिव डॉ आशुतोष तिवारी सहित अन्य प्रोफेसर ने खुशी जताई है।