अतर्रा। बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। कस्बे में बुधवार की रात कई घंटे बिजली गुल होेने से उपभोक्ताओं ने घर की छतों और सड़कों पर टहलते हुए रात गुजारी।
आपूर्ति बहाल न होने पर उपभोक्ता आधी रात को अस्थाई बिजली उप केंद्र पहुंचे और कर्मचारियों की तलाश की, लेकिन कर्मचारी लापता हो गए। इधर ,आपूर्ति बहाल होने के बाद ट्रिपिंग का सिलसिला भी चलता रहा। बुधवार की शाम से बिजली विभाग की मशीनों के साथ लाइन फाल्ट के नाम पर बिजली आवाजाही शुरू हो हुई। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो गए।
उपभोक्ताओं के घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। इस पर महिलाओं सहित बच्चे मकान के सामने आकर सड़कों पर टहलते नजर आए। बिजली विभाग के जिम्मेदार अफसरों ने मोबाइल फोन स्विच आफ कर लिया। ज्ञात रहे कस्बे में इस समय विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था से उपभोक्ता परेशान हैं। कस्बे के नरैनी रोड, बांदा रोड, बदौसा रोड, बिसंडा रोड, तिलक नगर, सिविल लाइन, बजरंग नगर आदि मोहल्लों में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही।
उपभोक्ता रमेश शुक्ला, रामरूप यादव, सुभाष, दिनेश गुप्ता, ललित, अनिल, आदि उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली पर आक्रोश जताया। उपखंड अधिकारी विमलेश सिंह ने कहा तकनीकी खराबी होने और फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। फाल्ट दुरुस्त होने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।