चित्रकूट। डीएम अभिषेक आनंद ने गेहूं खरीद से संबंधित तैयारियों की समीक्षा कलक्ट्रेट सभागार में की। केंद्र प्रभारियों को इस बार बटाईदारों से भी गेहूं खरीदने के निर्देश दिए।
मंगलवार को बैठक में डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों गेहूं खरीदते समय साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिए। कहा कि भारतीय खाद्य निगम में गेहूं खरीद करते समय समस्या नहीं आनी चाहिए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि इस बार किसानों से 100 क्विंटल तक गेहूं बिना सत्यापन के खरीदा जाएगा। इस बार बटाईदारों से भी गेहूं खरीदा जाएगा। मोबाइल केंद्रों के माध्यम से गांवों में किसानों के घर से भी गेहूं खरीदा जाएगा। क्रय में एफपीओ, एफपीसी, पंजीकृत सोसायटी, मल्टी सेक्टोरल सोसायटी से भी खरीद की जाएगी।
डीएम ने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी से जो गेहूं अवैध खरीद के लिए जाते हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करें। किसानों को इसका मूल्य लाभ प्राप्त हो सके। इस मौके पर एडीएम उमेश चंद्र निगम, एसडीएम सौरभ यादव, राजापुर प्रमोद कुमार झा, मऊ राकेश पाठक, अविनाश कुमार झा, तुलसीराम आदि संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट
चित्रकूट। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा ने बताया कि कुल 40 क्रय केंद्र खोले गए हैं जिसमें खाद्य विभाग के पांच क्रय केंद्र, पीसीएफ के 31, मंडी समिति के एक व भारतीय खाद्य निगम के तीन क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। गेहूं खरीद चालू है यह 15 जून तक होगी।