बांदा। लंबे समय से चोरी छिपे अवैध असलहा फैक्टरी का संचालन कर रहे एक आरोपी को बिसंडा थाना पुलिस ने पकड़ा है। उसके घर से कई बने-अधबने असलहे और उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपी के बारे में पुलिस और छानबीन कर रही है। कौन-कौन साथी और हैं, सर्विलांस के माध्यम से पता किया जा रहा है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के इनाम दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि बिसंडा थाना पुलिस ने बिसंडी गांव से अमर वर्मा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पांच तमंचे 315,12 व 32 बोर और तीन अधबने तमंचे 315 बोर समेत नाल पाइप, नाल लोहा, कारतूस, धौकनी, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, छेनी, नोहाई, हथौड़ा, आरी, रेती स्प्रिंग, ब्लेड आदि बरामद किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी टीम में थाना इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला, एसआई सुभाष चंद्र व उनकी टीम शामिल रही है। बताया कि आरोपी अपनी अवैध फैक्टरी में निर्मित तमंचों को बांदा व आसपास के जनपदों में पांच से छह हजार रुपये कीमत में भी बेचता था। इससे तमंचा खरीदने सीमावर्ती मध्य प्रदेश के लोग भी आते-जाते थे। इस अवसर पर सीओ बबेरू राकेश सिंह भी मौजूद रहे।