बबेरू। मुरवल विद्युत उपकेंद्र में एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बावजूद किसानों और उपभोक्तओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही।
रगौली और पल्हरी फीडर में 24 घंटे में तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। इससे परेशान होकर शनिवार को किसानों और ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र का घेराव करते हुए नारेबाजी की। नाराज किसान विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। बाद में पीसी पटेल ने मामले से डीएम को अवगत कराया। कुछ समय के बाद जेई, एसडीओ और एक्सईएन मौके पर पहुंचे।
किसानों की समस्या सुनते हुए रगौली और पल्हरी फीडर को तीन-तीन लाइनमैन दिए गए। टेक्निकल जेई को बुलवाते हुए ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाया गया। बिजली अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि लो वोल्टेज के साथ ही आपूर्ति समस्या में भी तत्काल सुधार किया जाएगा। इस मौके पर अमित, जुगुल, राजकर्ण, विनोद, मोहित, इदरीश खान, बंशोपाल, विमलेश, राहुल, अखिलेश, छोटा, कौशल, बारेलाल समेत किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।