खोही(चित्रकूट)। सीतापुर चौकी क्षेत्र के रानीपुर भट्ट के पास दिवंगत कथा वाचक पवन प्रपन्नाचार्य के सूने घर में चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर व नकदी पार कर दी। घर लौटीं उनकी पत्नी ने जब घर व कमरों के ताले टूटे देखे तो पुलिस सूचना दी। अपर एसपी व सीओ समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अनुमान लगाया गया है कि लगभग दस लाख रुपये की चोरी हुई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दिवंगत कथावाचक की पत्नी पूनम तिवारी ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ एक रिश्तेदार के घर सतना मप्र गई थी। घर में ताला बंद था। शनिवार की सुबह जब वह घर लौटी तो गेट का ताला टूटा मिला। अंदर के कमरे व अलमारी के ताले भी टूटे मिले।
लगभग दस लाख रुपये के जेवरात व नकदी चोरी होने की बात कही है। अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ हर्ष पांडेय, सीतापुर परिक्रमा मार्ग चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह मयफोर्स पहुंचे। आसपास के घरों के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
सीओ सिटी ने बताया कि जिस घर में चोरी हुई है उसके आसपास के घरों में सीसीटीवी कैमरे नहीं है। काफी दूर कुछ घरों में कैमरे हैं जिनसे अभी कुछ मदद नहीं मिली है। मौके से कुछ महत्वपूर्ण चीेजें बरामद हुई है। जल्द चोरी का पर्दाफाश होगा।