राजस्व चोरी रोकने में नाकाम दो यातायात निरीक्षक निलंबित
- दो दिन पूर्व हमीरपुर डिपो की बस में मिले थे 18 बिना टिकट यात्री
- दो अलग-अलग बसों में 20 यात्री मिले बिना टिकट
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। हमीरपुर में बिना टिकट परिवहन विभाग की बस में 18 यात्रियों के मिलने के मामले में क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप अग्रवाल ने दो यातायात निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में बस चालक और परिचालक की संविदा पहले ही समाप्त की जा चुकी है। इधर, बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान दो बसों में 20 यात्री बिना टिकट मिले।
हमीरपुर के कालपी हाईवे पर सोमवार को प्रवर्तन दल यातायात अधीक्षक इटावा अरुण कुमार ने हमीरपुर से झांसी जा रही रोडवेज बस की जांच की थी। इसमें 18 सवारी बिना टिकट यात्रा करते मिलीं थी। परिचालक से मांग पत्र मांगने पर उसने फाड़ने का प्रयास किया। इस पर यातायात अधीक्षक ने कुरारा थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद आरएम ने संविदा बस चालक रविंद कुमार व परिचालक रविकांत रजक की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। इस मामले में क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप अग्रवाल ने हमीरपुर मार्ग के यातायात निरीक्षक रामरतन और एक अन्य को निलंबित कर दिया है। इसके पूर्व महोबा में चेकिंग के दौरान बस में बिना टिकट यात्री मिलने पर महोबा मार्ग के यातायात निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया था।
इधर, मंडलीय चेकिंग दल ने बुधवार को जीरो डिपो की बांदा-प्रयागराज बस को लालपुर के पास चेक किया। इसमें 10 यात्री बिना टिकट मिले। परिचालक ने मांगपत्र व ड्यूटी स्लिप को चेकिंग दल को नहीं दिया। क्षेत्रीय प्रबंधक ने चालक दिनेश कुमार व परिचालक आनंद कुमार पांडेय के खिलाफ कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक प्रयागराज को लिखा है। वहीं तिंदवारी मार्ग पर बांदा डिपो, बांदा-फतेहपुर बस को सहायक यातायात निरीक्षक अभिषेक कुमार ने चेक किया। इसमें 10 यात्री बिना टिकट मिले। परिचालक लवकुश तिवारी व चालक शमशाद के अभद्रता करने पर यातायात निरीक्षक ने तिंदवारी थाने में तहरीर दी है। चालक, परिचालक की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की गई है।