बांदा/ बदौसा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मासूम समेत दो लोगों की करंट से मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के डीएम कालोनी निवासी बच्चीलाल (52) के मकान के बाहर नगर पालिका की ओर से खींचे गए रोड लाइट लगी है। सोमवार की रात रोड लाइट का तार लटक रहा था। वह डंडे से तार को हटाने लगे। इस बीच तार उनसे छू गया, जिससे करंट के झटके से वह सिर के बल सड़क में जा गिरे। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भांजे संजय ने बताया कि उनके तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। घर में पत्नी बबली है। वह बांस बल्ली किराए में देने का काम करते थे। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि करंट से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
बदौसा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी कौशल किशोर यादव की चार वर्षीय पुत्री सुनीता मंगलवार को दोपहर घर के दरवाजे खेल रही थी। दरवाजे के पास बिजली के हाईटेंशन लाइन का पोल लगा हुआ है। पोल से लगे सपोर्टिंग तार में करंट आ रहा था। सुनीता ने खेल-खेल में उसे पकड़ लिया। जिससे उसकी करंट से मौत हो गई। एसआई ब्रह्मदेव गोस्वामी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा भेजा गया है।