बांदा। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। पुलिस द्वारा आधार कार्ड के जरिए पहचान कराई गई।
बदौसा थाना क्षेत्र के कुम्हारन पुरवा निवासी लक्ष्मण (40) बुधवार की रात 11 बजे घर से निकला था। तुर्रा स्थित रेलवे फाटक के पास उसने जबलपुर से दिल्ली जा रही निजामुद्दीन एक्सप्रेस के सामने जाकर जान दे दी। उसका शव इंजन में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसट गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस ने शव के पास से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त कराई। छोटे भाई इंद्रजीत ने बताया कि चार भाइयों में बड़ा था। 20 साल शादी को हो गए। बच्चे नहीं हुए। इस वजह से पत्नी सुशीला से कहासुनी होती रहती थी। आशंका है कि इसी के चलते खुदकुशी की है। बदौसा इंस्पेक्टर सविता ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
उधर, कमासिन थाना क्षेत्र के भीती गांव निवासी रामशरण कोरी (60) 26 मार्च को घर से बिना बताए निकला था। रात में घर न आने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को सुबह उसका शव अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर पुरवा के रेल लाइन में कटा हुआ मिला। पुत्र अर्जुन ने पुलिस द्वारा दिखाई गई फोटो के आधार पर उसकी शिनाख्त की। पुत्र ने ट्रेन की चपेट में आकर मौत होने की आशंका जताई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।