पैलानी। तहसील क्षेत्र के रेहुंटा गांव में बृहस्पतिवार की दोपहर दो किसानों के मकानों में आग लग गई। ग्रामीणों ने हैंडपंप के सहारे बाल्टियों और डिब्बाें में पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई।
रेहुंटा गांव के किसान ननकू पाल और जगदीश पाल के मकान में बृहस्पतिवार की दोपहर आग लग गई। किसानों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद तमाम ग्रामीण आ गए। हैंडपंप के जरिए बाल्टी और डिब्बों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। खबर पाकर पहुंची दमकल ने आग बुझाई, लेकिन तब तक मकान और गृहस्थी जल चुकी थी।
सूचना पाकर लेखपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन किया। ग्राम प्रधान ओंकार निषाद ने बताया कि दोनों किसानों की लकड़ी, बांस और गृहस्थी का सामान व अनाज गेहूं, चना, मटर, लाही, अरहर आदि जलकर बर्बाद हो गया।