बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के जरर गांव में संचालित खनन पट्टा धारकों के बीच खनन को लेकर मारपीट और रंगदारी मांगने की शिकायत एसपी से की गई है। वहीं दूसरे खनन पट्टा धारक ने खनिज अधिकारी से उनके पट्टा क्षेत्र में अवैध खनन कराने की शिकायत की है। आरोप लगाया है कि चोरी छिपे उनके पट्टा क्षेत्र से लाखों के पत्थर बेच लिए गए।
जरर पहाड़ में यूरेका माइंस एंड मिनरल के संचालक कुंवर विनोद रजा ने एसपी को शिकायती पत्र दिया है। आरोप लगाया है कि शुक्रवार की शाम खनन पट्टा धारक व गिरवां के पूर्व प्रधान प्रेमनारायण द्विवेदी साथियों के साथ पहुंचे और कर्मचारी सत्यनारायण तथा सरबजीत सिंह के साथ मारपीट। 25 लाख रुपये रंगदारी मांगी। प्लांट बंद कराने की धमकी दी। पुलिस को सूचना दी गई, पर वह भाग निकला। क्रशर प्लांट में तैनात कर्मचारियों के जानमाल का खतरा है। मुकदमा दर्ज कर पूर्व प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उधर, क्रशर व खनन पट्टा संचालक प्रेमनारायण द्विवेदी ने मामले की शिकायत खनिज अधिकारी से की है। आरोप है कि उनका जरर पहाड़ में खनन पट्टा है। एनओसी न मिलने की वजह से खनन ही पहीं कर रहे हैं। एक माह पहले वह काम से बाहर चले गए।
इसी बीच विनोद रजा ने उनके पट्टा क्षेत्र सहित ग्राम समाज के पहाड़ से मनमानी खनन करा लिया। लाखों के पत्थर क्रशर में बेच लिए। शुक्रवार को वह उलाहना देने गए तो उन्होंने मनगढ़ंत कहानी बनाकर एसपी से शिकायत की। आरोप लगाया कि विनोद रजा के नाम न तो पट्टा है और नही क्रशर। अवैध खनन के दम पर काली कमाई करता है। मामले की जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वर्जन...
दोनों पक्ष से शिकायती पत्र प्राप्त हुए हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अंबुजा त्रिवेदी, सीओ नरैनी।