जमालपुर में डेंगू संबंधी ज्ञापन एसडीएम को सौंपते अधिवक्ता और समाजसेवी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। जमालपुर गांव मेें डेंगू से आधा दर्जन से ज्यादा मौतों और सैकड़ों की तादाद में बीमार होने पर अधिवक्ताओं और समाजसेवियों ने प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। मृतकों के परिजनों को पांच लाख और पीड़िताें को दो लाख की मदद देने का अनुरोध किया है। बुधवार को प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट कुमार प्रह्लाद सिंह के माध्यम से दिए गए सात सूत्री मांगपत्र में कहा है कि मुख्यालय से सिर्फ 10 किलोमीटर दूर जमालपुर में डेंगे से छह मौत हुई हैं। पांच दर्जन से ज्यादा लोगों को कानपुर व बांदा के अस्पतालों में इलाज हुआ है। डेंगू से सहमे तमाम ग्रामीणों ने गांव छोड़ दिया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए उपाए नाकाफी हैं। मांग की गई कि मृतकों के परिजनों को पांच लाख, पीड़ितों को दो लाख की मदद, पलायन पर लगाम और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के जमालपुर में कैंप तथा गांव को विशेष सहायता प्राप्त घोषित कर व्यापक सफाई और एक वर्ष तक लगातार डाक्टरों की टीम के कैंप करें। ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता महेंद्र सिंह गौतम, संतोष द्विवेदी, शंभू प्रसाद, शिव कुमार मिश्रा, जय करन भाई, सालिगराम, सपा नेता रामजी गुप्त इत्यादि शामिल रहे।