दो महिलाओं की चेन छीनने वाली तीन स्नैचर गिरफ्तार
- महाशिवरात्रि पर पूजा के दौरान की थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा। महाशिवरात्रि पर गौराबाबा धाम में पूजा करने पहुंची दो महिला श्रद्धालुओं के गले में पड़ी सोने की चेन छीनने वाले तीन स्नैचर महिलाओं को पुलिस ने पकड़ा है।
शनिवार को गौराबाबा धाम में नगर के रामलीला रोड निवासी पूजा पत्नी पुनीत कुमार पूजा करने गई थी। इस दौरान भीड़ में मौजूद चेन स्नेचिंग गिरोह की महिलाओं ने गले में पड़ी सोने की लगभग डेढ़ तोला जंजीर काट ली। इसी तरह तिलक नगर की शशि प्रभा अग्निहोत्री भी मंदिर में दर्शन कर रही थीं। उनके गले में पड़ी दो तोला की सोने की चेन भी बदमाश महिलाओं ने पार कर दी। पुलिस ने दोनों घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद कोतवाली निरीक्षक ने एसआई मनीष कुमार, सुधीर चौरसिया ने चेन काटने वाली तीन महिलाओं फूला वर्मा, गुलाबी वर्मा निवासी भदोही व गुड्डी वर्मा निवासी मानिकपुर को पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने बताया कि चेन काटने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। चोरी की तीन चेन भी बरामद की गई हैं। आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।