बबेरू। बूंदाबांदी के बीच बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत तीन झुलस गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। कोतवाली क्षेत्र के अहार गांव में नंदनी (35) पत्नी रामनरेश पटेल रविवार को दोपहर घर की अन्य महिलाओं के साथ खेत में धान की बेड़ लगाने गई थी। अचानक बूंदाबांदी शुरू होने पर वह खेत में बनी झोपड़ी में जाकर छिप गई। इसी बीच तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से वह झुलस गई। पास में खड़ी अन्य महिलाएं बाल-बाल बचीं। इसी तरह बिसंडा थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सुधा (35) पत्नी राकेश शुक्रवार को दोपहर खेत में मवेशी चराने गई थी। बिजली गिरने से वह झुलस गई। पास खड़ा किशोर बासू (13) पुत्र श्रवण भी मामूली रूप से झुलस गया। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।