बांदा। रंजिश के चलते तीन साल बाद हमलावरों ने एक ही परिवार पर सोते समय हमला कर दिया। इससे मां-बेटा समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें तमंचा लगाकर तलवार से मारकर घायल किया है। पुलिस ने तीनों घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है।
बदौसा थाना क्षेत्र पौहार गांव निवासी सुशील निषाद (20) ने बताया कि सोमवार की रात वह अपने घर के बाहर सो रहा था तभी गांव के छह लोग गाड़ियों से आए और उसके भाई दिनेश के विषय में पूछने लगे। उनके हावभाव देखकर उसने कहा कि वह घर में नहीं है। जिस पर उन्होंने उसके सीने में तमंचा लगा दिया और घर के अंदर घुस गए।
घर के कमरे में सो रही मां गीता उर्फ भवनिया (40) व बहन गुड़िया (21) को पकड़ लिया और तलवार मारकर घायल कर दिया। सुशील ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी बहन गुड़िया हैंडपंप में पानी भरने गई थी, वहां पानी भरने के दौरान गांव की अन्य महिलाओं के बर्तन में छींटे पड़ गए थे। जिसमें उनके परिवार के लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी।
उन्होंने बदौसा थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसका मामला न्यायालय में चल रहा है। इसी की रंजिश को लेकर उन पर आरोपी पक्ष ने हमला किया है। उधर, बदौसा थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।