बांदा। माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के कुछ ही घंटे बाद मंडल कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को सीयूजी नंबर पर जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी देने वाले ने बेसिक फोन का इस्तेमाल किया है। करीब 14 सेकेंड की कॉल में धमकाने वाले ने कहा है कि अब तुझे ठोकना है... बच सके तो बच। अधीक्षक की तहरीर पर धमकाने वाले नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
28 मार्च की रात करीब साढ़े 10 बजे माफिया मुख्तार अंसारी की मेडिकल कॉलेज में हार्टअटैक से मौत हो गई थी। इसके कुछ घंटों बाद रात 1:37 बजे वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के सीयूजी नंबर पर 0135-261349 नंबर से किसी व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने 14 सेकेंड में अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन के आला अफसरों को दी। रविवार की शाम शहर कोतवाली में अधीक्षक ने मुकदमा दर्ज कराया।
धमकी देने में इस्तेमाल फोन नंबर की जांच कराई जा रही है। अभी नंबर ट्रेस नहीं हो सका है। इसके पीछे कौन हो सकता है, यह जांच का विषय है। इस विषय में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। -लक्ष्मी निवास मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक, बांदा।
धमकी तो मुख्तार की मौत के कुछ घंटे बाद ही मिली है, लेकिन बिना जांच पड़ताल पूरी हुए कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। जल्द ही धमकाने वाले का पता भी चल जाएगा।
वीरेश राज शर्मा, वरिष्ठ जेल अधीक्षक, बांदा