पैलानी। पड़ोसी के मकान से घुसे चोरों ने किसान के घर में रखे बहू के जेवरात में हाथ साफ कर दिया। सुबह होने पर किसान को चोरी का पता चल सका।
चिल्ला थाना क्षेत्र के बिछवाही गांव निवासी रुद्रपाल ने बताया कि बुधवार की रात उसके घर के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाकर पड़ोसी के जीने से चोरों ने घुसकर बहू अभिलाषा की अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब छह लाख कीमत के जेवर में हाथ साफ कर दिया। 1500 नगदी भी ले गए। रुद्रपाल की बहू अभिलाषा पिछली 10 मई को अपने भाई की शादी में शरीक होने के लिए गई थी। शादी के बाद उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया था, तब से वह वहीं रुकी थी। अभिलाषा का पति धर्मेंद्र सिंह इंदौर में नौकरी करता है। वह इंदौर में है। रुद्रपाल की पत्नी कमला अपनी बेटी नीरज के साथ इलाज के लिए कानपुर गई थीं। घर में केवल रुद्रपाल था। रुद्रपाल के दो मकान थे, घटना के समय वह अपने दूसरे मकान में सोया हुआ था। चिल्ला थाना एसएसआई रामदिनेश तिवारी ने बताया कि जानकारी मिली है। मौका मुआयना किया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।