बांदा। गणतंत्र दिवस की तैयारियों से संबधित कलक्ट्रेट सभागार में डीएम दीपा रंजन ने शुक्रवार को बैठक की। कहा कि इस पर्व को जोश से मनाया जाए। कलक्ट्रेट सहित सभी सरकारी भवनों में लाइटिंग की व्यवस्था, मलिन बस्तियों में सफाई कराने के निर्देश दिए। गणतंत्र दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाए।
डीएम ने कहा कि सुबह छह बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, सात बजे जामा मस्जिद, बांबेश्वर मंदिर, चर्च व गुरूद्वारा में सर्व धर्म प्रार्थना सभा, नौ बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व परिजनों का सम्मान, 9:30 बजे पुलिस लाइन में पुलिस परेड, कृषि विश्वविद्यालय से तिंदवारी रोड तक 10 किलो मीटर बालक, पांच किलो मीटर बालिका दौड़, 11 बजे स्टेडियम में बैंडमिंटन प्रतियोगिता होगी।
जिला अस्पताल में नेत्र परीक्षण शिविर, रेड क्रास सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर, 10 बजे ध्वजारोहण एव देशभक्ति से संबंधित गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 3:30 बजे राजकीय पुस्तकालय में गणतंत्र दिवस पर परिचर्चा होगी। इसके अलावा अन्य कार्यक्रम होंगे। एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य, सीएमओ अनिल श्रीवास्तव, रेड क्रास सोसाइटी के सदस्य बाबूलाल रहे।