बांदा। घर से ई रिक्शा लेकर निकले चालक का लहूलुहान शव कनवारा गांव की सड़क पर पड़ा मिला। सिर पर चोट थी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मां और पत्नी ने महिला से अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका जताई है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर नगर निवासी अजय रैदास (25) बांदा शहर के तिंदवारा गांव स्थित कन्हैया ढाबा के पीछे राजकुमार यादव के मकान में किराए का कमरा लेकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। पत्नी बिट्टन ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि सोमवार को सुबह नौ बजे वह ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। घर न लौटने पर उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस ने शव मिलने की जानकारी दी तो पोस्टमार्टम हाउस पहुंची।
आरोप लगाया कि अजय के बबेरू की एक महिला से अवैध संबंध थे। महिला कई बार घर आकर साथ रहने का दबाव बना चुकी है। उसी के दबाव के चलते सप्ताह भर पहले बबेरू से तिंदवारा आकर किराए के कमरे में रह रहे थे। बताया कि रविवार की देर शाम दो लोग तिंदवारा स्थित घर आए थे। वहां तीनों ने शराब भी पी थी। पत्नी ने आशंका जताई है कि उसके पति को महिला और उसके भाइयों ने मार डाला है।
शहर कोतवाल पंकज सिंह का कहना है कि ई-रिक्शा चालक का शव कनवारा गांव की सड़क पर रिक्शे में पड़ा था। सिर में चोट थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पत्नी के आरोपों की जांच की जा रही है।