बांदा। दशहरे के दिन किसी बात पर नाराज महिला ने जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। उसके निधन की खबर मिलने पर रिश्ते का भांजा बांदा आ रहा था। रास्ते में उसकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी, इससे उसकी भी मौत हो गई।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के सहिंगा गांव निवासी आरती सिंह (35) ने शनिवार की देर शाम किसी बात पर नाराजगी के चलते जहर खा लिया। पति प्रदीप सिंह घर के बाहर मेहमानों से मिलजुल रहे थे। इस बीच वह अंदर गए तो आरती की हालत खराब मिली। पति आरती को जिला अस्पताल लेकर गया। वहां से डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में रात 11 बजे के करीब उसने दम तोड़ दिया। उनके एक पुत्र एक पुत्री है।
उधर, आरती के रिश्ते के भांजे तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी गांव निवासी सौरभ सिंह (30) को आरती की मौत की जानकारी मिली तो वह रात में बाइक से बांदा आ रहा था। सैमरी व कुरसेजा पेट्रोल पंप के पास वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई प्रशांत सिंह ने बताया कि तीन भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। वह जिला पंचायत में ठेकेदारी करते थे। पिता अजय सिंह किसान हैं। 30 बीघा जमीन है। घर में मां उमा देवी हैं।
तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि महिला की मौत की वजह परिजन नहीं बता सके हैं। युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
बहन के साथ अभद्रता व सम्मान पूर्वक न रखने का आरोप
पाेस्टमार्टम हाउस में आरती के मायके तिंदवारी थाना क्षेत्र के भुजौली गांव से आए भाई अर्जुन सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में शादी हुई थी। पति, सास व देवर बहन को सम्मानपूर्वक नहीं रखते थे। आए दिन उसके साथ अभद्रता की जाती थी। इसी अभद्रता के चलते कई बार ससुरालियों के साथ बैठकर बातचीत भी हुूई, लेकिन उनका रवैया बहन के प्रति सही नहीं रहा। त्योहार के दिन भी अभद्रता करने पर उनकी बहन ने आत्मघाती कदम उठाया है। आरती दो बहनों में दूसरे नंबर की थीं।