बांदा। बर्फीली हवाओं के बीच गणतंत्र दिवस पर सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों और स्कूल-कालेजों में तिरंगा खूब लहराया। राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। धर्मस्थलों से शुरू हुए आयोजन देर शाम तक चले। ठंड में भी बच्चे पूरे जोश के साथ देशभक्ति नारे गुंजाते रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। पुलिस लाइन में परंपरागत पुलिस परेड में राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने सलामी ली। पुलिस की टुकड़ियों ने आकर्षक परेड पेश की। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।
गणतंत्र दिवस पर मंडलायुक्त आरपी सिंह और डीआईजी डॉ. विपिन मिश्रा ने अपने कार्यालय में ध्वज फहराया। अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के संकल्प की शपथ दिलाई। कलक्ट्रेट में डीएम दीपा रंजन ने ध्वज फहराने के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया। एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस कार्यालय में एसपी अभिनंदिन ने ध्वजारोहण किया। अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को शपथ दिलाई गई।
एकलव्य महाविद्यालय, दुरेड़ी में पूर्व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने ध्वजारोहण किया। प्राचार्य डा.प्रकाशचंद्र, प्रबंधक शकुंतला निषाद, बीएड विभाग के एसएस श्रीवास्तव समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। डीआर पब्लिक स्कूल में चेयरमैन चंद्रमौलि भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया। प्रबंधक श्रुति भारद्वाज ने गणतंत्र दिवस के बारे में बताया।
वसंत पंचमी पर भी कार्यक्रम हुए। सेंट जेवियर्स स्कूल में निदेशक एनके चौधरी, कृष्णा आइडियल हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रबंधक सौरभ यादव, एचएसएन शिक्षा निकेतन में सविता निगम ने ध्वजारोहण किया। बचपन प्ले स्कूल में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। संरक्षक अरुण कुमार यादव, प्रबंधक प्रभा यादव समेत बद्री विशाल व रानी देवी मौजूद रहीं।
राजीव गांधी डीएवी महाविद्यालय में प्राचार्य डा.रामभरत सिंह तोमर ने ध्वज फहराया। जिला अपराध निरोधक समिति ने जेल और स्पर्श विद्यालय, महोखर में फल व मिठाई बांटी। सचिव वीपी पांडेय, विद्यासागर द्विवेदी, मनोज ओमर, जगदीश प्रसाद तिवारी आदि रहे। बीएलसी कान्वेंट स्कूल में प्रबंधक बंशीलाल चौरसिया व प्रधानाचार्य राजेश चौरसिया ने ध्वजारोहण किया।
समाचार पत्र विक्रेता संघ ने स्टेशन रोड स्थित केंद्र में ध्वजारोहण किया और मिठाई बांटी। जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने शपथ दिलाई। महामंत्री अनिल राजपूत समेत राजकुमार गुप्ता, हबीब अहमद, प्रकाश गुप्ता, मयंक शुक्ला, गरीबदास शेखर, सोनू राजपूत आदि उपस्थित रहे। बड़ोखर बुजुर्ग गांव में स्थित राजकीय हाईस्कूल में छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। प्रधानाचार्य डा.शशि मिश्रा ने शपथ दिलाई। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।