खप्टिहाकलां (बांदा)। खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरियर लगाकर बंद करने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पैलानी तहसील के अलोना गांव के ग्राम प्रधान सुमित कुमार ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि अवाड़ा पावर प्लांट का काम चल रहा है। कार्यदायी संस्था ने खेत के सरकारी रास्ते को बंद कर दिया है। किसानों को अपने खेतों तक जाने से रोका जा रहा है। खेतों के रास्ते पर बैरियर लगाकर रास्ता बाधित कर दिया है। इस वजह से किसानों दिक्कतें हो रही हैं। किसान एसडीएम, पैलानी तहसीलदार और लेखपाल से भी मिल चुके हैं। तहसील के अधिकारी मौके पर भी आए, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। उन्होंने मंडलायुक्त तक भी अपनी इस समस्या को पहुंचाया। इस दौरान किसान शिवशरण सिंह, पवन सिंह, शेखर, पुष्पेंद्र, कमल कांत, संतोष, योगेंद्र कुमार, चतुर सिंह, देवी दयाल, अंकुर सोनी, अरविंद गुप्ता, अवधेश, देवेंद्र सिंह, शिव सिंह, कौशल सिंह मौजूद रहे।