करतल। माचिस से गैस चूल्हा जलाते भड़की आग की चपेट में आकर किशोरी झुलस गई और अनाज व दो लाख जलकर राख हो गए। चौकी प्रभारी करतल और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
करतल कस्बा निवासी राजाराम प्रजापति के तीन पुत्र अनिल, अवधेश और बिहारी एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते हैं। अनिल कुमार के घर में रविवार रात 10 बजे भतीजी नीशू (14) गैस चूल्हे का बटन ऑन करके माचिस लेने चली गई। थोड़ी देर बाद लौटकर जैसे ही माचिस जलाई आग भड़क गई। इससे वह नीशू गंभीर झुलस गई,किसी तरह बाहर भाग कर उसने जान बचाई। आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। इससे साल भर का अनाज और दो लाख रुपये नकद जलकर राख हो गए। अनिल की सूचना पर चौकी प्रभारी पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अनिल ने बताया कि उसने ब्याज पर दो लाख रुपये लिए थे। उसकी भरपाई कर पाना उसके लिए मुश्किल हो गया है। तीनों भाइयों का नुकसान हुआ है।