बांदा। भतीजे को पीटने की खुन्नस में किसान की लाठी से पीट पीटकर हत्या की गई थी। इस बात का खुलासा शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने किया। दो हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। तीसरे बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
अपर एसपी ने बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव निवासी बृजमोहन (38) की 19 जुलाई की रात खेत में सोते समय लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई थी। इस घटना को लेकर हत्यारोपी गांव निवासी गुड्डू खां उर्फ हनीफ खां, अनिल कुमार कोरी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हत्यारोपी गुड्डू खां ने बताया कि 19 जुलाई को दिन में उसके भतीजे सनी की भैंस व बकरी बृजमोहन के खेत में घुस गई थी।
बृजमोहन ने उसके भतीजे सनी को मारा-पीटा था। इसी खुन्नस पर उसने अपने दो साथियों के साथ रात के समय खेत में सोते समय बृजमोहन की लाठी से पीटकर हत्या कर दी थी। वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने शुक्रवार को हत्यारोपी समेत सहयोगी अभियुक्त अनिल कोरी को अतर्रा-ओरन मार्ग पर व घटना में शामिल एक अन्य बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
अपर एसपी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त तीन लाठी बरामद की गई हैं। गुड्डू खां के खिलाफ बिसंडा थाने में गुंडा एक्ट समेत सात मुकदमें दर्ज हैं। मृतक किसान मानसिक अस्वस्थ था। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष बिसंडा कृष्णदेव त्रिपाठी, एसआई अजीत प्रताप सिंह, सुभाष चंद्र, राजनारायण नायक, कांस्टेबिल आशुतोष, सोनपाल, शिवकुमार, राजू, धर्मजीत, मुकेश कुमार आदि रहे।