बांदा। शराब के नशे में किसान ने फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार की रात 10 बजे किसान शराब पीकर घर आया था। पत्नी और पुत्री को डांटकर भगा दिया और कमरा बंद कर घटना को अंजाम दिया। रविवार को सुबह परिजनों को जानकारी हुई।
मरका थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव निवासी चंद्रभवन (60) शनिवार की रात किसी समय घर के कमरे के अंदर आंगन में प्लास्टिक की डोरी से धन्नी से फंदा लगा लिया। चंद्रभवन के भतीजे जगतवीर ने बताया कि शनिवार की रात वह शराब के नशे में घर आया था। पत्नी जहरी देवी और पुत्री उसे खाना परोसने लगीं। तभी किसी बात पर पत्नी और पुत्री को डांटकर घर से निकाल दिया और खुद को कमरे में बंद कर लिया।
रविवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीछे से दीवार से कूदकर दरवाजा खोला और शव निकाला। चंद्रभवन के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पांच बीघा जमीन भी है। खेती-किसानी करता था। थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। चंद्रभवन शराब के नशे का आदी बताया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।