फोटो 22 बीएनडीपी 11- मृतका अफसाना। फाइल फोटो।
- फोटो : BANDA
बांदा। संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। ननद ने जंगले से देखा तो घर वालों को जानकारी दी। घटना के समय ननद के अलावा और कोई नहीं था। उधर, मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न के चलते मारपीट कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है।
मटौंध थाना क्षेत्र के बोधीपुरवा गांव निवासी अफसाना (19) पत्नी चांद अली का शव रविवार को सुबह घर में बंद कमरे में दुपट्टे से छत के छल्ले में लटका मिला। घटना के समय मृतका की 12 वर्षीय ननद चांदनी थी। जब काफी देर हो गई तो उसने कमरे में झांका तो शव लटका पाया। उसने भाइयों को खबर दी। देवर चांद बाबू और मुबारक ने बताया कि मृतका की सास मदीना बांदा गईं थीं। वह दोनों खदान में मजदूरी करने गए थे। पति राशन लेने गल्ले की दुकान गया था। चांदबाबू ने बताया कि वह मां के साथ अलग रहते हैं। उन्हें घटना का कारण नहीं पता।
उधर, मृतका के मायके पक्ष से खप्टिहाकलां गांव निवासी पिता अलीराजा व भाई इसरार ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री अफसाना की शादी 9 मई 2022 को चांद अली के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुराली उसे प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार समझाया गया, लेकिन दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे।
ससुरालियों ने अफसाना के साथ मारपीट कर आत्महत्या का रूप देने पर उसे फंदे में लटका दिया। अफसाना दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी।
थानाध्यक्ष मटौंध नंदराम प्रजापति ने बताया कि घटना की संदिग्धता को देखते हुए दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मायके पक्ष के लोग उत्पीडन का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।