बांदा। खाना पकाते समय दाल में छिपकली गिर गई। जहरीली दाल खाने से चार लोगों की हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब उनकी हालत में सुधार है।
मामला गिरवां थाना क्षेत्र के बछेई गांव का है। बिसंडा थाना क्षेत्र के कछिया पुरवा निवासी पीयूष (25) पुत्र मनोज कुमार, पत्नी संध्या (23) को लेकर ससुराल बछेई गांव आया था। बुधवार की सुबह घर में दाल, चावल और रोटी बनाई गई थी। दाल पकाने के दौरान उसमें छिपकली गिर गई। घर में मौजूद धर्मेद्र (29) पुत्र रामप्रकाश, उसकी सात वर्षीय बेटी दिव्यांजली के अलावा पीयूष और उसकी पत्नी संध्या ने भोजन किया। भोजन करने के बाद घर की महिलाओं की नजर पतीली पर गई तो उसमें छिपकली पड़ी हुई थी। कुछ ही देर के बाद सभी लोगों की हालत बिगड़ने लगी। सिर चकराने के साथ ही उल्टियां शुरू हो गईं। परिजनों ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उनका उपचार किया गया। धर्मेन्द्र ने बताया कि घर में दाल बनाई गई थी, उसमें छिपकली कब गिरी, किसी को पता नहीं चला।