नरैनी। सड़क पर बनी पुलिया में गांव के दबंग ने अतिक्रमण कर जल निकासी बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटवाने के लिए जल शक्ति राज्य मंत्री को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
तहसील क्षेत्र के दिवली गांव के अंश सूखन पुरवा निवासी लालबाबू, राजेश, रामजस, गयाचरन, धीरज, अंजली, रणजीत, छोटेलाल, राघवेंद्र, रामरूप आदि लोगों ने जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद को शिकायती पत्र देकर बताया है कि सूखन पुरवा के मध्य से बनी सड़क में एक जगह पुलिया बनाई गई है। गांव के दबंग ने इस पुलिया नंबर 04 को जेसीबी से मिट्टी डलवाकर बंद कर दिया है। कुआं से निकली नाली, हैंडपंपों और घरों के पानी का निकास बंद होने से लोगो के घरों के सामने जल भराव की समस्या हो गई है।