फोटो 23 - खप्टिहा कलां गांव में केन नदी पर बने अस्थाई पुल को ढहाते समय मौजूद प्रशासनिक अमला। सं
पैलानी। खप्टिहा कलां गांव में मौरंग कारोबारियों ने सोमवार रात केन नदी की जलधारा को रोककर मिट्टी का अस्थाई पुल बना लिया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से कर पुल को ध्वस्त करने की मांग की थी। बुधवार को इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इसके बाद बुधवार की दोपहर को ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और अस्थाई पुल को ध्वस्त कराया। खनिज निरीक्षक गौरव गुप्ता व नायब तहसीलदार मोहम्मद मुस्तकीम ने मौके पर मौजूद बालू खदान के कर्मियों को फटकारते हुए पुल को गिराने के निर्देश दिए। इसके बाद खदान के कर्मचारियों ने आनन-फानन में पोकलैंड मशीनों की सहायता से अस्थाई पुल को ढहाकर समतल किया। (संवाद )