अतर्रा। साइकिल सवार दो किशोरों को बाइक ने टक्कर मार दी। इससे एक की मौतों हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा ग्रामीण के मजरा राधेश्याम का पुरवा निवासी विपिन (15) पुत्र राजकुमार दोस्त मोनू (13) पुत्र रामबाबू को साइकिल पर बैठाकर गुरुवार की देर शाम अतर्रा से सामान लेकर घर जा रहा था। नरैनी रोड बस्तरा तालाब के पास पीछे से आए बाइक सवार ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से साइकिल सवार दोनों मित्र उछलकर दूर जा गिरे। मौके पर साइकिल चालक विपिन की मौत हो गई।
पीछे बैठे मोनू गंभीर घायल हो गया। मोनू को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। विपिन दो भाइयों में छोटा था। पुरवा के ही विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता था। पिता राजकुमार मजदूरी करते हैं। माता सविता देवी सहित बड़े भाई गुलशन का घटना के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। बड़े भाई गुलशन ने बताया कि विपिन और घायल मोनू दोनों जिगरी दोस्त थे। दोनों एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ते थे। कस्बा इंचार्ज कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया है।